- साहिबगंज के बरहरवा से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। जहां न्यू फरक्का-तिलडांगा रेलखंड पर भू-धसान से क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम तेजी से जारी है। शुक्रवार को ईस्टर्न रेलवे की जनरल मैनेजर गीतिका पांडे ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द से जल्द ट्रैक दुरुस्त कर रेल परिचालन बहाल करने का निर्देश दिया। उधर बरहरवा के न्यू फरक्का-तिलडांगा रेलवे स्टेशन के बीच भू-धसान के कारण क्षतिग्रस्त हुए रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।जहां शुक्रवार को ईस्टर्न रेलवे की जनरल मैनेजर गीतिका पांडे ने प्रभावित रेलखंड का निरीक्षण किया। उनके साथ ईस्टर्न रेलवे के प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर विक्रम गुप्ता समेत रेलवे के कई वरीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। इस मौके पर जीएम ने प्रभावित स्थल का बारीकी से जायजा लेते हुए मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए क्षतिग्रस्त ट्रैक को जल्द से जल्द और पूरी सुरक्षा के साथ दुरुस्त करने को कहा।वही मौके पर काम कर रहे मजदूरों और तकनीकी टीम को भी तेजी से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। रेलवे की टीमें दिन-रात मरम्मत कार्य में जुटी हैं, ताकि प्रभावित रेलखंड को सुरक्षित बनाकर ट्रेनों का सामान्य परिचालन जल्द बहाल किया जा सके। उधर रेलयात्रियों से सहयोग की अपील की है। इस दौरान जीएम गीतिका पांडे ने रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण यात्रियों को हो रही असुविधा पर संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की परेशानी और अनिश्चितता को समझता है। आगे उन्होंने रेलयात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया। रेलवे की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य करने की दिशा में तत्काल कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल रेलवे की तकनीकी और अभियंता टीम क्षतिग्रस्त ट्रैक को सुरक्षित तरीके से दुरुस्त करने में जुटी है। अब यात्रियों की नजर इस बात पर है कि रेल परिचालन कब तक पूरी तरह सामान्य हो पाता है।


















