चतरा। सदर अंचल क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई दोपहर करीब 12:45 बजे सदर अंचल के कर्मचारी भवन में की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई।
जानकारी के अनुसार, लेम पंचायत हल्का सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद पर एक व्यक्ति से जमीन के म्यूटेशन के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत संबंधित व्यक्ति ने एसीबी से की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने मामले को सही पाया और राजस्व कर्मचारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश कुमार ने 10 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
अचानक हुई कार्रवाई से सदर अंचल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसीबी की कार्रवाई से सदर अंचल और राजस्व विभाग के कर्मियों में हड़कंप मच गया है।


















