लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटे से जारी बारिश और आंधी-तूफान के चलते विभिन्न हादसों में करीब 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 117 कच्चे एवं जर्जर मकान गिर गए।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि प्रदेश में पिछले 48 घंटों से जारी भारी बारिश एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। शनिवार को प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 15 जनहानि, 04 पशुहानि तथा 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त 05 व्यक्ति घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 63 जनपदों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई है। फर्रुखाबाद में सामान्य से कई गुना अधिक, कानपुर नगर तथा कन्नौज, कानपुर देहात एवं हरदोई में भी कई गुना अधिक बारिश दर्ज की गई है। भदोही, देवरिया एवं अलीगढ़ में सामान्य बारिश हुई है, जबकि गाजीपुर में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर एवं हापुड़ में बारिश नहीं हुई है।
राहत आयुक्त के मुताबिक, प्रदेश में जनहानि के मामलों में अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई एवं कानपुर नगर में 01-01, अयोध्या में 02 तथा लखीमपुर खीरी में 04 जनहानियां हुई हैं।
इनमें उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नीमगांव क्षेत्र के रहमतपुर गांव में बारिश के दौरान कच्चा मकान गिरने से पति-पत्नी और उनके बेटे की मलबे में दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों के शव निकाले। हमीरपुर जिले के सरीला तहसील के जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी डांडा गांव में शनिवार को पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में छप्पर गिरने से अधेड़ महिला की मौत हो गई। संतकबीरनगर में तेज बारिश के दौरान पेड़ गिरने से बाइक सवार 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। इस तरह अन्य जिलों में विभिन्न हादसों में लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान से अमेठी में 01, फर्रूखाबाद 01, कासगंज 01, मैनपुरी 01, बलिया 02, बलरामपुर 02, प्रतापगढ़ 02, संतकबीरनगर 02, वाराणसी 02, गाजीपुर 03, कानपुर देहात 03, बहराइच 05, सुल्तानपुर 05, औरया 07, पीलीभीत 07, जालौन 21, बांदा में 32 तथा हरदोई में 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
लखनऊ स्थित मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिसके चलते बारिश का दौर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे दिन के बाद शनिवार की रात को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। 27 सितंबर को भी कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।


















