डीसी ने नेटवर्क कनेक्टिविटी का लिया जायजा, जियो की टीम को स्थल सर्वे कर प्रस्ताव देने का निर्देश
रामगढ़। चुट्टूपालू घाटी में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को घाटी क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि घाटी क्षेत्र में मोबाइल टावर नहीं होने के कारण नेटवर्क सेवा बाधित रहती है। इसके चलते दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में एंबुलेंस, पुलिस और राहत-बचाव टीम को समय पर सूचना पहुंचाने में परेशानी होती है।
इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जियो की तकनीकी टीम को घाटी क्षेत्र में नया मोबाइल टावर लगाने के लिए उपयुक्त स्थल का सर्वे करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीम से जल्द विस्तृत प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि टावर लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान घाटी के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य उपायों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम कम करने और राहत-बचाव व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, डीपीओ यूआईडी आरती पंकज, अंचल अधिकारी रामगढ़, जियो की तकनीकी टीम समेत जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।


















