एमटी गोदाम में खाद्यान्न की गुणवत्ता और वजन की जांच, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
रामगढ़। उपायुक्त ऋतुराज ने मांडू प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, जनसुविधाओं और विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे परिसर का भ्रमण किया और अधिकारियों एवं कर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली।
समीक्षा बैठक में अंचल अधिकारी तृप्ति विजय कुजूर की मौजूदगी में उपायुक्त ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को शून्य करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने को कहा। साथ ही भवनहीन और नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए सरकारी भूमि चिह्नित करने, बच्चों एवं माताओं को मिलने वाले पोषाहार की आपूर्ति व्यवस्था बेहतर करने तथा मीटा पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एमटी गोदाम में खाद्यान्न की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड-अंचल परिसर स्थित एमटी गोदाम का भी जायजा लिया। उन्होंने खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था की जांच करते हुए चावल की बोरियों का वजन कराया। इसके अलावा नमक समेत अन्य सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने स्टॉक और आवंटन पंजी का गोदाम में उपलब्ध सामग्री से मिलान कराया तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन और पारदर्शी रखने का निर्देश दिया।
जर्जर भवनों को हटाने और नए भवन का डीपीआर बनाने का निर्देश
परिसर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने वर्षों पुराने और जर्जर भवनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से जल्द ध्वस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने नए प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने को भी कहा। इसके अलावा जीआरसी मांडू में आम लोगों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और प्रखंड संसाधन केंद्र में शैक्षणिक गतिविधियों व संसाधनों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी तृप्ति विजय कुजूर, प्रखंड विकास अधिकारी रीना कुजूर समेत प्रखंड और अंचल कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















