पाठ्यपुस्तक लेखन में योगदान के लिए स्मिथ कुमार सोनी और नवीन कुमार को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
अशोक कुमार तिवारी
बानो (सिमडेगा)। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीय मध्य विद्यालय, बानो के दो शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानाध्यापक स्मिथ कुमार सोनी और सहायक शिक्षक नवीन कुमार को नई शिक्षा नीति के तहत कक्षा एक और दो की पाठ्यपुस्तक लेखन में योगदान के लिए 5 सितंबर को रांची में सम्मानित किया जाएगा।
झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) की ओर से आयोजित समारोह में दोनों शिक्षक अन्य चयनित शिक्षकों के साथ सम्मानित होंगे।
स्मिथ कुमार सोनी को वर्ष 2020 में राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान मिल चुका है। उन्होंने शिक्षा में नवाचार के साथ पाठ्यपुस्तक लेखन में भी योगदान दिया है।
वहीं, नवीन कुमार ‘नवेंदु’ नाम से साहित्यिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने सरकारी विद्यालयों की हिंदी पाठ्यपुस्तकों के लेखन में योगदान दिया है। उनकी बाल कविताएं, लघुकथाएं और व्यंग्य विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे हैं।
दोनों शिक्षकों के सम्मान के लिए चयनित होने पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार ने इसे बानो और सिमडेगा के लिए गौरव का विषय बताया है।


















