पलामू : जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह स्थित मधुबन होटल के समीप एनएच-139 पर गुरुवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप कैंपर की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्ची स्वीटी कुमारी की मौत हो गई। स्वीटी गांव के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, पिरोजी में दूसरी कक्षा की छात्रा बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बांसों-पिरोजी गांव से श्रद्धालुओं ने जलयात्रा निकाली थी। यात्रा में शामिल लोग कटैया-बटाने नदी से जल लेकर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिहरगंज की ओर से छतरपुर की तरफ जा रहे पिकअप कैंपर (बीआर02जीडी6436) ने जल यात्रा में शामिल स्वीटी को अपनी चपेट में ले लिया।


















